Monday, July 4, 2016

बारिश से कहीं खिले चेहरे तो कहीं मायूसी

इसबार मानसून सीजन की शुरुआत बेहद सुकून भरी है। क्योंकि रिकॉर्ड बारिश के साथ मानसून ने दस्तक दी है। पांच रोज में जिलेभर में औसत 150 एमएम बारिश हुई। जबकि पिछले सालों में मानसून की दस्तक के साथ जिले की औसत बारिश 70 से 80 एमएम रही। मौसम विभाग के अनुसार अगले एक सप्ताह तक बारिश का दौर जारी रहने की उम्मीद है। वहीं पूर्वानुमान के आधार पर अच्छा मानसून रहने की संभावना है। इस आधार पर कृषि विभाग को तय लक्ष्य से 30 हजार हैक्टेयर में बुआई रकबा बढ़ने की उम्मीद है। 
जानकारों के अनुसार इस बार प्री-मानसून की बारिश ने निराश किया। लेकिन मजबूत मानसून की दस्तक से किसान और आम आदमी खुश हैं। शेखावाटी में एक जुलाई को मानसून ने दस्तक दी। इसके बाद से विभिन्न इलाकों में बारिश का दौर जारी है। दैनिक भास्कर ने पिछले सालों के मानसून की बारिश के रिकॉर्ड का रिव्यू किया तो सामने आया कि लंबे समय बाद इस बार अच्छी बारिश के साथ मानसून की शुरुआत हुई है। आमतौर पर 26 जून से 10 जुलाई तक मानसून की बारिश का दौर शुरू होता है। इस बार एक जुलाई को बारिश का दौर शुरू हो गया। इसके बाद से किसान बुआई में जुटे हैं। इस आधार पर कृषि विभाग को अच्छे उत्पादन की उम्मीद है।
मानसूनका इंतजार हर किसी को होता है। बारिश हर साल आएगी और जरूरी भी है, लेकिन फतेहपुर कस्बे में छतरिया बस स्टैंड के लिए यह डरावनी कहानी साबित होते हैं। क्योंकि प्रशासन सबकुछ जानते हुए भी इसका समाधान नहीं कर रहा है, जिससे हर साल यहां कारोबार प्रभावित होता है। इस बार भी यहां तीन दिन से 200 से ज्यादा दुकान बंद हैं।  रोडवेजबस स्टैंड पर लगातार तीसरे दिन भी पानी भरा रहा और साथ ही आसपास रहने वाले कई लोगों को मकानों में आने जाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों ने प्रशासन और नगरपालिका से गुहार लगाई है कि शीघ्र ही पानी की निकासी की व्यवस्था की जाए। प्रशासन की ओर से पानी निकासी नहीं कराने पर लोगों में आक्रोश है। उनका कहना है कि मानसून के शुरुआती दौर में यह हालत है तो बाद में और बुरी स्थिति हो सकती है। 



No comments:

Post a Comment